पोस्टर का भगवान के दरबार में भक्तों ने किया विमोचन


 मंदसौर।  दलौदा तहसील के ग्राम रिछालालमुँहा में श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में आगामी 25 मार्च से 2 अप्रैल  हनुमान जयंती तक  अंतर्राष्ट्रीय  आचार्य श्री रामानुज जी के सानिध्य में आयोजित होने वाली श्री राम कथा एवं हनुमंत महायज्ञ की आमंत्रण पत्रिका आज मंगलवार को मंदसौर में श्री तलाई वाले बालाजी भगवान के चरणों में अर्पित की गई और भगवान बालाजी से सभी भक्तों ने प्रार्थना की कि ग्राम रिछालालमुंहा में ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित श्री राम कथा जन-जन की कथा के रूप में प्रचलित हो और विराट रूप में संपन्न हो l भगवान बालाजी के दरबार में पोस्टर का भक्तों ने किया विमोचन l

 इस शुभ प्रसंग पर रिछालालमुँहा निवासी भाजपा नेता श्री धीरज पाटीदार, श्री हरिकथा आयोजन समिति मंदसौर के अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल  , कोषाध्यक्ष श्री सत्यनारायण छापरवाल , श्री शिवप्रताप सिंह राणा , श्री रमेश काबरा, श्री संजय वर्मा, श्री राजू ओझा, श्री राजेंद्र  चाष्टा,  श्री सुरेश पाटीदार ,  श्री सुभाष सांवरिया,  श्री सुरेश पाठक, डॉ प्रीतिपाल सिंह राणा,  श्री संजय जैन, श्री कपिल मावर  सहित बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित थेl

भगवान श्री तलाई वाले बालाजी को पत्रिका अर्पित करने के पश्चात उपस्थित भक्तों को जानकारी देते हुए भाजपा नेता श्री धीरज पाटीदार ने बताया कि उनकी जन्म भूमि ग्राम रिछालाल मुँहा  में ग्रामवासियों के सहयोग से डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से श्री खेड़ापति हनुमान जी भगवान का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है मंदिर में विराजित होने वाले भगवान हनुमान जी  और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष में श्री रामकथा एवं हनुमंत महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है l यह आयोजन 25 मार्च से आरंभ होगा l  25 मार्च से 2 अप्रैल तक व्यास पीठ पर  अंतर्राष्ट्रीय आचार्य श्री रामानुजजी विराजेंगे  और अपने श्रीमुख से भक्तों को  नौ दिवसीय श्री रामकथा का श्रवण करवाएंगे l

 श्री राम कथा आरंभ दिवस 25 मार्च को दोपहर 2:00 बजे गांव के बस स्टैंड से गाजे बाजे  के साथ पोथी यात्रा निकलेगी l यह यात्रा श्री खेड़ापति बालाजी मंदिर होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी जहां पर आचार्य श्री रामानुज जी कथा का रसपान करवाएंगे l प्रतिदिन कथा प्रातः 11 से दोपहर 3:00 बजे तक होगी l

 श्री हरि कथा आयोजन  समिति मंदसौर के अध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि ग्राम रिछालाल मुँहा  में आयोजित श्री राम कथा एवं हनुमंत  महायज्ञ को लेकर तैयारी बड़े पैमाने पर चल रही है l दस हजार  आमंत्रण पत्रिका आसपास के 24 गांव में भक्तों द्वारा पीले चावल के साथ वितरित की जा रही है हनुमंत महायज्ञ 27 मार्च को सुबह 7:00 बजे आरंभ होगा l हनुमंत महायज्ञ  एवं मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान हिंगोरिया मठ के  महंत श्री रामानंद भारती एवं यज्ञाचार्य पंडित मिश्रीलाल शास्त्री इंदौर द्वारा संपन्न करवाएंगे l  27 मार्च को हनुमंत महायज्ञ आरंभ दिवस प्रातः 9:00 बजे आचार्य श्री रामानुजजी के सानिध्य में गांव में कलश यात्रा  निकलेगी और कथा विश्रांति दिवस 2 अप्रैल हनुमान जयंती पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा पश्चात संध्या 4:00 बजे विशाल महाभंडारा महाप्रसादी का आयोजन भी रखा गया है l

श्री हरिकथा आयोजन समिति मंदसौर के कोषाध्यक्ष श्री सत्यनारायण छापरवाल , सामाजिक कार्यकर्ता  श्री रमेश काबरा,  श्री राजेंद्र चाष्टा,  श्री सुरेश पाठक श्री  संजय वर्मा ने भक्तों  से आह्वान किया कि ग्राम  रिछालाल मुँहा  में आयोजित श्रीराम कथा एवं हनुमंत  महायज्ञ महोत्सव के विराट आयोजन में सपरिवार उपस्थित  होकर धर्म लाभ लेवे l

Post a Comment

0 Comments