नपा के कर्मचारी को रिश्वत मांगना पड़ा भारी, निलंबित

मंदसौर। नगर पालिका परिषद में एक कर्मचारी को एक आवेदक से राशि की मांग करना भारी पड़ गया। जब इसकी शिकायत नगर पालिका अध्यक्ष श्री राम कोटवानी को मिली तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से उक्त कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। सीएमओ श्रीमती सविता प्रधान ने कर्मचारी को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
जगतपुरा निवासी एक महिला का राष्ट्रीय परिवार सहायता का प्रकरण स्वीकृत हुआ था। किंतु कर्मचारी खलासी प्रेमचंद परमार द्वारा छोटी सी राशि में भी ₹4000 की मांग की जा रही थी। जुलाई 2019 यानी करीब एक साल से प्रकरण स्वीकृत हो चुका था। लेकिन रिश्वत के लालच में कर्मचारी महिला आवेदिका को चक्कर कटा रहा था। महिला ने जब राशि नहीं मिलते देखा तो उसने अपनी गुहार नपाध्यक्ष श्री कोटवानी से लगाई।
श्री कोटवानी को जब इस बात की शिकायत मिली, तो उन्होंने तत्काल बिना लापरवाही करते हुए इस मामले में निर्देश दिए की इस तरह के कर्मचारी को तत्काल निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर आवेदकों को नगर पालिका में किसी प्रकार का गलत भुगतान करने की जरूरत नहीं है, यदि कोई कर्मचारी नियत राशि के अलावा कोई मांग करता है, तो वे उनसे शिकायत करें, इस मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
नपाध्यक्ष श्री कोटवानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय परिवार सहायता सहित जनहितकारी योजनाओं के पिछले एक-डेढ़ वर्ष में स्वीकृत प्रकरणों के सत्यापन किये जायें, ताकि स्वीकृत प्रकरणों की राशि भी आवेदक तक पहुंची या नहीं, यह सुनिश्चित हो। श्री कोटवानी ने आवेदकों से भी आग्रह किया है कि यदि उनके प्रकरण लंबित हों या अटकाए जा रहे हों तो सीधे उनसे संपर्क किया जा सकता है।

Post a Comment

0 Comments