जादू-टोने से सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा, महिला से 13.80 लाख की ठगी; आरोपी गिरफ्तार


मंदसौर। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टी.एस. बघेल व नगर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस ने जादू-टोना कर सोने के बिस्किट दिलाने का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।


घटना का विवरण: दिनांक 14-05-2026 को थाना कोतवाली पर आवेदिका निवासी मंदसौर ने लिखित आवेदन देकर बताया कि वह सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती है। पिछले 4-5 वर्षों से भूरू खां पिता नन्हे खां, निवासी सीतामऊ से सिलाई-कढ़ाई के काम के जरिए संपर्क में थी। 


आरोपी भूरू खां ने जून 2025 में आवेदिका को प्रलोभित किया कि "तुम गरीब हो, मैं जादू-टोना करके तुम्हें लाखों का फायदा दिला सकता हूं। तुम्हारे कच्चे मकान के अंदर से सोने के बिस्किट निकालकर दे दूंगा।" आरोपी के झांसे में आकर फरियादिया ने 14 जून 2025 से 21 नवंबर 2025 के बीच नगद व ऑनलाइन माध्यम से कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपये टुकड़ों-टुकड़ों में दे दिए।


जब फरियादिया ने बार-बार सोने के बिस्किट की मांग की तो नवंबर 2025 में आरोपी उसके घर पहुंचा। आधे घंटे तक परिजनों की अनुपस्थिति में जादू-टोने का नाटक कर 10 बिस्किट लाकर दिए और कहा कि "ये सोने के बिस्किट हैं, अभी बाजार में मत बेचना वरना पुलिस पकड़ लेगी। बाद में मैं अपने परिचित सुनार से बिकवा दूंगा।"


शंका होने पर फरियादिया ने परिचित सर्राफा व्यापारी को बिस्किट दिखाए तो वे नकली पीतल के निकले। आरोपी से संपर्क करने पर उसने मोबाइल बंद कर लिया। प्रारंभ में आरोपी ने खुद को चित्तौड़गढ़ का बताया था, जो तस्दीक में सीतामऊ, मंदसौर का निकला।


फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 320/2026, धारा 318(4) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया गया। अनुसंधान के दौरान आरोपी को आज दिनांक 15-05-2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ व निशादेही पर 3 अन्य पीतल के बिस्किट भी बरामद किए गए हैं। 


आरोपी को माननीय न्यायालय पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी ने अन्य जगह भी ऐसी ठगी की है या नहीं, ठगी की राशि का क्या किया, अन्य साथी कौन हैं।


गिरफ्तार आरोपी: भूरू खां पिता नन्हे खां, उम्र 42 वर्ष, जाति मीरासी, निवासी अरगड़ा बस्ती, सीतामऊ, जिला मंदसौर।


सराहनीय कार्य: निरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह राठौर, उनि विजय पुरोहित, प्रआर 372 कमलेश वर्मा, प्रआर 247 रामनारायण नागदा, आर 236 भानु प्रताप सिंह की भूमिका सराहनीय रही।

Post a Comment

0 Comments