मंदसौर, 26 मई। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भगवान पशुपतिनाथ नगरी मंदसौर में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध के आदेश के बावजूद शराब ठेकेदार आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर में गली-चौराहों और मांसाहारी ढाबों पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है।जानकारी के अनुसार, शराब कारोबारियों ने शहर की सीमा के पास अवैध ठेके संचालित कर रखे हैं। नयाखेड़ा स्थित शराब दुकान को नियम विरुद्ध मंदसौर सोया चौपाल के पास शिफ्ट कर दिया गया है। यहां न केवल शराब बेची जा रही है, बल्कि दुकान परिसर में ही ग्राहकों को बैठाकर शराब भी पिलाई जा रही है, जो आबकारी अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। इसके अलावा नयाखेड़ा में भी अवैध शराब की बिक्री जारी है।
इसी तरह बरसों से संचालित डीगांव की दुकान को भी नियमों के विपरीत बाज फेंट क्षेत्र में संचालित किया जा रहा है। यहां भी दुकान परिसर में बैठाकर शराब पिलाने का कार्य हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध लाभ अर्जित करने के लिए ठेकेदारों द्वारा नियमों को ताक पर रखा जा रहा है, जबकि आबकारी विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
गौरतलब है कि पूर्व में समाजसेवी अधिमान्य पत्रकार महासंघ सहित विभिन्न समाजसेवी संगठनों ने जिला कलेक्टर एवं जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस अवैध कारोबार से अवगत कराया था। बावजूद इसके आबकारी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।


0 Comments