मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल व प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी मल्हारगढ़ कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में नारायणगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
27 मई 2026 को सउनि बाबूलाल डामोर टीम के साथ बरखेड़ा विरपुरिया फंटा, सगस बावजी मंदिर के पास नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी पिपलिया मंडी की तरफ से आ रही क्रेटा कार MP 04 KR 1543 को रोकने का इशारा किया गया। चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार से भागने लगा।
कार अनियंत्रित होकर पहले यात्री प्रतीक्षालय की दीवार और फिर पेड़ से जा टकराई। कार में सवार दोनों युवक उतरकर भागने लगे। भागते-भागते एक आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए चार फायर कर दिए।
पुलिस ने दिखाया साहस, घेराबंदी कर दबोचे
पुलिस फोर्स ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को मौके पर ही धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजूराम पिता प्रभुराम विश्नोई, उम्र 31 साल, निवासी ग्राम बड़ा बाड़वी, थाना बागोड़ा, जिला जालोर, राजस्थान और सुरज पिता मंगलाराम विश्नोई, उम्र 19 साल, निवासी ग्राम सेवड़ा, थाना चितलवाना, जिला सांचोर, राजस्थान के रूप में हुई है।
कार से निकला 5 लाख का डोडाचूरा, पिस्टल भी मिली
कार की तलाशी लेने पर 12 प्लास्टिक के कट्टों में भरा 252 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 5 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी सुरज के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा और एक खाली कारतूस भी मिला।
क्या-क्या हुआ जप्त
• 252 किलो डोडाचूरा: कीमत 5,10,000 रुपये • हुंडई क्रेटा कार: कीमत 15,00,000 रुपये • मोबाइल: ओप्पो एंड्रॉयड 12,000 रुपये, विवो एंड्रॉयड 15,000 रुपये • देशी पिस्टल: जिंदा व खाली कारतूस सहित, कीमत 11,000 रुपये • फर्जी नंबर प्लेट: तीन अलग नंबर की कुल 6 प्लेट, कीमत 500 रुपये • जिओ डोंगल: कीमत 3,000 रुपये
इन धाराओं में केस दर्ज
थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 149/26 धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट, 25, 27 आर्म्स एक्ट व 281, 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है।पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में नारायणगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


0 Comments