होटल वाला बनकर युवती को ब्लैकमेल किया, YD नगर पुलिस ने राजस्थान से बरामद किए सारे गहने


मंदसौर।सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग कर सोने के गहने ऐंठने के मामले में वायडी नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर को सूरत, गुजरात से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। बरामदगी आरोपी के गृह ग्राम कानाकोलर, जिला सिरोही, राजस्थान से की गई।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल और सीएसपी जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

घटना का संक्षिप्त विवरण -

18 जुलाई 2026 को पीड़िता निवासी मन्दसौर ने परिजनों के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी स्नैपचैट आईडी पर प्रतापगढ़ निवासी राजवीर नाम के युवक से दोस्ती हुई। इसके बाद दोनों इंस्टाग्राम और मोबाइल पर बात करने लगे। आरोपी मिलने के बहाने मन्दसौर आया और होटल में शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

कुछ दिन बाद आरोपी ने दूसरी सिम से खुद को होटल वाला बताकर फोन किया और कहा कि होटल में बने वीडियो उसके पास हैं। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसने रुपये और सोने की मांग शुरू कर दी। डर के कारण पीड़िता ने घर में रखे सोने के जेवर - हाथ की 4 चूड़ियां, 4 अंगूठियां, गले के 5 मांदलिया, 1 हार, 1 मंगलसूत्र, 1 चेन और 1 जोड़ी झुमकियां आरोपी को दे दी।


रिपोर्ट पर थाना वायडी नगर में अपराध क्रमांक 316/2026 धारा 69, 308(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।


पुलिस कार्रवाई -

विवेचना के दौरान सायबर सेल की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया आईडी की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि राजवीर नाम का युवक असल में गोपाराम उर्फ गोपाल पिता सवाराम देवासी, उम्र 28 वर्ष, निवासी रेबारियों का वास, कानाकोलर, थाना शिवगंज, जिला सिरोही, राजस्थान है और वह सूरत के कतरगाम क्षेत्र में हीरा फैक्ट्री में काम कर रहा है।

सूचना पर टीम को सूरत भेजा गया। लोकेशन के आधार पर कतरगाम से आरोपी को हिरासत में लेकर मन्दसौर लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही दूसरी सिम लेकर खुद को होटल वाला बताकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया था। उसने गहने अपने गांव में पेटी में छिपाकर रखे थे।पुलिस रिमांड लेकर टीम ने आरोपी की निशानदेही पर गांव कानाकोलर से सभी गहने बरामद कर लिए।गिरफ्तार आरोपी - गोपाराम उर्फ गोपाल उर्फ राजवीर पिता सवाराम देवासी, 28 वर्ष, निवासी कानाकोलर, शिवगंज, सिरोही।

जप्त मशरूका - 15 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण।

सराहनीय भूमिका - निरीक्षक शिवांशु मालवीय, सउनि जगदीश ठाकुर, प्रआर 524 मनीष लबाना, प्रआर 562 अरविन्द पुरोहित, आर 852 राजेन्द्र मेघवाल, आर 915 दीपक सुथार तथा सायबर सेल से प्रआर 639 आशीष बैरागी, प्रआर 235 मुजफ्फरउद्दीन, आर 467 मनीष बघेल।

Post a Comment

0 Comments