मंदसौर । नाहरगढ़ पुलिस द्वारा 22 किलो डोडाचूरा प्रकरण में चार युवकों पर दर्ज किए गए मामले में एक निर्दोष मजदूर युवक को फंसाने का आरोप पुलिस पर ग्रामीणों ने लगाया है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस महामंत्री श्यामलाल जोकचन्द्र व महासचिव कमलेश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे व निर्दोष युवक के खिलाफ दर्ज प्रकरण वापस लेने और झूठी कार्रवाई करने वाले नाहरगढ़ टीआई प्रतीक राय को निलंबित करने की मांग की।
नाहरगढ़ पुलिस ने बिल्लौद गिट्टी मशीन पर 24 अक्टूबर की रात्रि 22 किलो डोडाचूरा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर दो को फरार बताने का प्रेस नोट जारी किया था। जिसमें खंडेरिया मारु के कारुदास पिता दशरथ बैरागी को भी आरोपियों बताया था।
ग्रामीणजन शनिवार को प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जोकचन्द्र व महासचिव पटेल के साथ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामनाप्रसाद को सौंपे ज्ञापन में बताया कारुदास निर्दोष है, वह तो सड़क दुर्घटना में घायल होने से 10 दिन से घर पर था लेकिन 23 अक्टूबर को गिट्टी मशीन संचालक विनोदसिंह का मोबाइल पर कॉल आया कि काम पर आना पड़ेगा, नही तो मजदूरी पर नही रखुँगा इस कारण कारुदास मजदूर पर चला गया और रात्रि में ही गिट्टी मशीन से नाहरगढ़ टीआई प्रतीक राय उसे पकड़कर ले गए और दूसरे दिन डोडाचूरा प्रकरण में उसे गिरफ्तार कर लिया।
कारुदास पर ही परिवार की जवाबदारी है, मां पुष्पाबाई लकवाग्रस्त है, पिता अन्यत्र है। कारु गिट्टी मशीन पर मजदूर कर परिवार का पालन पोषण के साथ ही लकवाग्रस्त मां का इलाज भी करवा रहा था। शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंची मजदूर की मां पुष्पाबाई पुलिस द्वारा की गई इस फर्जी कार्रवाई की व्यथा मीडिया को बताते हुए फफक-फफककर रोने लगी।
ज्ञापन लेने के बाद एडिशनल एसपी मनकामनाप्रसाद ने आश्वासन दिया सात दिवस में मामले की जांच कराई जाएगी, अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments