इंदौर।कोरोना से पति राहुल जैन की शनिवार सुबह मौत हो गई। शाम को बंगाली चौराहा स्थित आशीष नगर की रहने वाली 35 वर्षीय पत्नी खुशबू को खबर मिली तो वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई और अस्पताल की छठी मंजिल से कूदकर जान दे दी। राहुल प्रापर्टी ब्रोकर का काम करते थे। तुकोगंज थाना टीआइ कमलेश शर्मा ने बताया कि 24 अप्रैल को राहुल को कोरोना के इलाज के लिए शैल्बी अस्पताल में भर्ती किया था। इलाज के दौरान पति ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। इस बात को जैसे-तैसे करके स्वजन महिला से छिपाते रहे। शाम 6 बजे खुशबू को कहीं से जानकारी मिल गई। वह देवर से कहकर गई कि वह बाथरूम जा रही है, इसके बाद वह छठी मंजिल से कूद गई। हालांकि स्वजन का कहना है कि वह 9वीं मंजिल से कूदी है। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय भिजवाया है।पुलिस के मुताबिक महिला के बच्चे नहीं हैं। महिला के साथ माता-पिता भी रहते थे। महिला भी कोरोना पाजिटिव थी, लेकिन उसमें किसी तरह के लक्षण नहीं थे। पति की मौत की खबर महिला बर्दाश्त नहीं कर सकी। इस कारण उसने जान दे दी।
0 Comments