गैस कटर से ATM काटने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार


मंदसौर। गरोठ पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया के ATM को गैस कटर से काटकर नकदी चुराने वाले अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 6 लाख रुपये नकद, स्विफ्ट डिजायर कार (RJ02TA1545), 2 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, ATM की कैश ट्रे और अन्य सामग्री जब्त की है।


पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा और SDOP विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने करीब 1000 CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कोटा, बूंदी, जयपुर, भरतपुर, कासगंज, नूंह-मेवात और गुरुग्राम तक की।


गिरफ्तार आरोपी (1) समीर पिता सिकंदर खान (23), निवासी कोटा (राजस्थान), (2) शहजाद पिता ईशब (24), निवासी नूंह (हरियाणा) और (3) मानपाल पिता अशरफीलाल (30), निवासी कासगंज (उत्तर प्रदेश) हैं। एक आरोपी शिवकुमार लोधी फरार है।


वारदात का तरीका: आरोपी बिना गार्ड वाले ATM की रेकी करते थे। फर्जी कार्ड से स्लॉट में पर्ची फंसाकर मशीन ब्लॉक कर देते, ताकि कोई ग्राहक पैसे न निकाल सके। फिर केमिकल स्प्रे से CCTV कैमरे ब्लाइंड कर गैस कटर से कुछ ही मिनटों में ATM काटकर कैश ट्रे निकाल लेते थे। वारदात के दौरान हैंड ग्लव्ज और फेस कवर का इस्तेमाल करते थे।

पहले भी कई वारदातें: पूछताछ में गैंग ने दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और एमपी में करोड़ों रुपये की ATM कटिंग की वारदातें कबूली हैं। इनमें मुरैना में 25 लाख, जालौर में 2.63 लाख, एटा में 25 लाख, सबलगढ़ में 21 लाख और गुना में 4.50 लाख रुपये की चोरी शामिल है। आरोपी शहजाद और मानपाल कई मामलों में जमानत के बाद से फरार चल रहे थे।

Post a Comment

0 Comments